अन्तर्राष्ट्रीय भजन गायक पद्मश्री प्रह्लाद सिंह जी टिपानिया जी के आश्रम पर कबीर के सामाजिक सांस्कृतिक आंदोलन के प्रणेता डॉ सुरेश पटेल इंदौर ने अपनी अनुपम कृति 'कहत कबीर' मुझे सप्रेम भेंट की जिसे पढ़कर कबीर के क्रांतिकारी स्वरूप से रूबरू हुआ। अंतिका प्रकाशन, गाजियाबाद से प्रकाशित ' कहत कबीर' 176 पृष्ठ का एक अद्भुत संकलन है, जिसका सम्पादन सुरेश पटेल जी ने किया है ! जिसमें कबीरचौरा, वाराणसी के मानवतावादी संत आचार्य विवेकदास के लेख सहित ग्यारह लेखकों के लेख संकलित हैं ! संत कबीर के चुने हुए लगभग 80 पद व्याख्या सहित दिए गए हैं , कुछ साखियाँ भी दी गई है ! पदों का चयन इस प्रकार किया है कि संत कबीर के सामाजिक क्रांतिकारी व्यक्तित्व को देश और दुनिया के सामने उजागर किया गया है !
संसार के सभी क्रांतिकारी सन्तों और महापुरुषों के साथ उनके अनुयाईयों और विरोधियों ने अज्ञान या एक साजिश के तहत उनके क्रांतिकारी व्यक्तित्व को छिपाया गया या उनके क्रांतिकारी विचारों को नजरअंदाज करने का प्रयास किया गया है ! कबीर के भक्तों और विरोधियों ने यही कार्य किया है जिसका पर्दाफाश करते हुए सुरेश पटेल अपने सम्पादकीय में लिखते हैं - "एक षडयंत्र के तहत कबीर के पूरे आंदोलन को शनै: शनै: आध्यात्मिक रूप में अवतरित कर दिया गया ! उनके कार्यों एवं विचारों के आंदोलनकारी रूप को भुला दिया गया ! षड्यंत्रकारियों के लिए यह ज्यादा सुविधाजनक था, क्योंकि यह उन्हें सुरक्षा की गारंटी देता था, इसीलिए कबीर के वे पद ज्यादा प्रचलन में आये जो भक्ति सम्बन्धी या गुरुमहिमा का वर्णन करते थे, वे पद किनारे कर दिये गये जो जातिवाद, छुआछूत, पाखण्ड, अंधविश्वास साम्प्रदायिकता विरोधी थे एवं मनुष्य की गरिमा को प्रतिष्ठित करते थे !" पृष्ठ 7-8 कहत कबीर
इसी बात को आचार्य संत विवेकदास जी ने भी अपने लेख - ' कबीर का पथ खांडे की धार' में स्पष्ट करते हुए लिखते हैं - " कबीर साहब का रास्ता ' खांडे की धार' है ! पुरोहितवाद और सामन्तवाद के शिकंजे से मुक्ति दिलाने के लिए ही चूँकि भक्ति आंदोलन का जन्म हुआ था ! पृष्ठ -17 कहत कबीर
आस्था और विश्वास की अति कैसे अनुयाईयों को अंधा बनाते हैं इसको स्पष्ट करते हुए विवेकदास जी आगे लिखते हैं -" भटकाव का एक दूसरा पक्ष आस्था और विश्वास भी है ! साधारण लोगों में इसका डर पैदाकर गुणी कहे जाने वाले लोग अपना स्वार्थ साधते हैं ! आस्था और विश्वास तो एक आवश्यक पक्ष है, लेकिन अंध आस्था और गलत विश्वास दिशाहीनता की ओर ले जाता है !यदि आस्था और विश्वास में समझ और उदारता का अभाव हो तो वे अपनी संकुचित बुद्धि की सीमा में बंध जाते हैं ! ... कबीर पंथ का एक बड़ा वर्ग कबीर साहब को एक अवतारी ईश्वर और अलौकिक पुरुष मानता है, जबकि कबीर साहब स्वयं इन सब पक्षों के खिलाफ थे !" पृष्ठ 18 कहत कबीर
दीपक मलिक अपने लेख - 'विखंडित समाज को जोड़ने की वैचारिकी में लिखते हैं - "मेरा मानना है कि भारतीय समाज का एक सभ्य समाज में रूपांतरण का सबसे धारधार हथियार कबीर की वैचारिकी थी, न कि तुलसी रचित रामचरित मानस !" पृष्ठ-24 कहत कबीर
कबीर की आधुनिक युग में प्रासंगिकता के विषय में आप आगे लिखते हैं - "भारतीय जीवन में लगभग सभी पंथों में अंधविश्वास, पाखण्ड, कर्मकांड, चमत्कार का अघोषित हमला है और अधिकांश पंथ इसके सामने घुटने टेक चुके हैं, इसलिए कबीर वैचारिकी को पुनः जागृत करना भारतीय पुनर्जागरण का सबसे कारगार बिंदु है !" पृष्ठ -25 कहत कबीर
'कबीर का दुखिया संसार' - रवि भूषण अपने लेख में कबीर के कवि व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए लिखते हैं -" कबीर अभेद के कवि हैं ! जो भेद को माननेवाले हैं , कबीर उन्हें ललकारते हैं ! उनकी कविता सामंजस्य और समन्वय की कविता नहीं है ! वह विरोध, अस्वीकार, प्रतिरोध और क्रांति की कविता है ! जो झूठा, मक्कार और लबार है और मनुष्य को एक -दूसरे से पृथक और विभाजित करने वाली मानव निर्मित जितनी भी दीवारें हैं, वे उसे अपनी और कविता में ढहाते हैं ! कबीर की आकांक्षा एक ऐसे समाज और विश्व की है, जहाँ सभी मनुष्य बराबर है !" पृष्ठ -27 कहत कबीर
'कबीर और आज का समय' लेख में मैनेजर पांडेय संत कबीर के व्यक्तित्व और कविता के बारे में लिखते हैं -" शास्त्र के भय से और कभी लोक के डर से उसे कहने का साहस सब में नहीं होता !' बिरला ही कोई निर्भय होकर अपने अनुभव का सत्य सबसे कहता है ! वही कबीर होता है कल, आज और कल भी !" पृष्ठ- 32 कहत कबीर
आगे वे लिखते हैं -" कबीर की कविता की दो बुनियादी विशेषताएं हैं - अथक आलोचनात्मक चेतना और प्रश्न की प्रवत्ति ! उनकी आलोचनात्मक चेतना मूलगामी है ! वह जनता को जगाने वाली है और रूढ़ियों को चुनौती देने वाली !" पृष्ठ -33 कहत कबीर
" कबीर भक्तिकाल के सम्भवतः अकेले ऐसे संत कवि हैं, जिन्हें हिन्दू, मुसलमान, सिख, ईसाई और बौद्ध सभी अपना मानते हैं ! यही कारण है कि रवींद्रनाथ टैगोर ने कबीर को ' मुक्तिदूत' और 'भारत पथिक' कहा था और उन्हें राजा राममोहन राय का ' अग्र पथिक घोषित किया था !" पृष्ठ -36 कहत कबीर
कपिल तिवारी अपने लेख में कबीर को 'भारतीय काव्य परम्परा की सबसे साहसी और दो टूक आवाज ' की उपमा देते हुए लिखते हैं - "कबीर हमारी काव्य परम्परा की सबसे साहसी और दो टूक आवाज हैं ! उनमें अनगढ़ता और खुरदुरापन है , लेकिन उसकी सहजता और सच्चाई एक ऐसा परिष्कार रचती है जिसमें सारा अनगढ़पन खो जाता है और खुरदरापन प्रिय हो उठता है ! वह सत्य के साधक की फटकार है जो हमारे समाज, जीवन और धार्मिक आचरण में पाखण्ड के विरुद्ध है, क्योंकि कबीर साधना के स्वानुभव में एक वास्तविक धार्मिकता का आग्रह है ! वे जाति, वर्ण और नस्ल आदि के भेदभावों के कट्टर विरोधी लेकिन एक सच्चे आदमी के ह्रदय में फूटती प्रार्थना का सम्मान करने वाले संत हैं , इसलिए वे हमारी परंपरा का सबसे प्रामाणिक प्रतिपक्ष हैं !" पृष्ठ-42 कहत कबीर
"कबीर का सम्पूर्ण काव्य एक संत का जन सम्बोधन है ! .... वे दलितों और उपेक्षितों को सम्बोधन और श्रवण का अधिकार देने वाले संत हैं !" अरुण कुमार का लेख - एक संत का जन सम्बोधन ! पृष्ठ - 44 कहत कबीर
देवी प्रसाद मौर्य अपने लेख में लिखते हैं -" कबीर ही नहीं उनके जैसे दस्तकार और निचली जातियों से आये ज्ञानमार्गी संत नामदेव,रैदास, सांवता, दादू, चोखामेला ये सभी चेतनागत विद्रोह के कारण जात-पात, ऊँच-नीच के भेदभाव को छोड़कर इस निराकार परमेश्वर के साधक बने जो सारी मानव जाति की समता और शांति का प्रतीक था! इस अर्थ में उन्हें भक्त भले कह लें, परंतु मनुष्य के द्वारा मनुष्य के शोषण के विरुद्ध खड़े होने की इच्छाशक्ति वाले ये संत स्वाभाविक तौर पर विवेकी और तर्कवान थे ! खतरा यह है कि कबीर और अन्य ज्ञानमार्गियों को रामानन्दी साधुओं की तरह (जो कि तथ्यात्मक और व्यवहारिक रुप से झूठ है !) भक्त बताकर उनके सांस्कृतिक अंतर्विरोध के पैनेपन को बोथरा कर दिया जायेगा ! इस साजिश को समझा जाना चाहिए ! पृष्ठ -49 कहत कबीर
प्रकाश कांत अपने लेख -' कबीर की आध्यात्मिक और सामाजिक सरोकारों की कविता' में लिखते हैं - " (कबीर की) कविता धार्मिक सामाजिक अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ खड़ी बड़ी कविता है ! प्रतिरोध की कविता !...हैरानी की ही बात है कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में इधर इस कविता का जिस तरह से इस्तेमाल होना चाहिए था हुआ नहीं !" पृष्ठ -52-53
'ढाई आखर प्रेम का' लेख में श्रीराम परिहार लिखते हैं -" कबीर ने धर्म की बुराई नहीं की! धर्म के मर्म को समझने एवं उसके केंद्र तक पहुंचने में जिन आडम्बरपूर्ण तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है, उन पर चोट की ! पोथी, वेद शास्त्र पढ़कर व्यक्ति विद्वान हो जाता है ! वह धर्म की व्याख्या करता है ! जीव, जगत की व्याख्या करता है !वह स्वयं में भरा-भरा हो जाता है ! ज्ञान का गरूर उसे प्रेम की खाली कोठरी में घुसने नहीं देता !" पृष्ठ- 55
'कबीर का सामाजिक सांस्कृतिक आंदोलन ' -सुरेश पटेल अपने लेख में लिखते हैं - " कबीर का दुख ऐसे दुखिया संसार के लिए है जहाँ कपास उत्पादक कृषक अपने तन पर फ़टे कपड़े पहनता है ! उसके बच्चे नंगे बदन खेतों में काम करते हैं और ठिठुरती ठंड में आग के सामने बैठकर रातें काटते हैं तथा कर्ज से परेशान हो आत्महत्या करते हैं !....हमने ऐसा संसार बना लिया है कि इस सुखिया और दुखिया संसार को देखकर कबीर ने कहा -
सुखिया सब संसार है, खावै और सोवे !
दुखिया दास कबीर है, जागै अरु रोवे !!" पृष्ठ- 58 ,कहत कबीर
'चला हंस उस देश'- चाँद सीताराम अपने लेख में हालैंड, सूरीनाम में बसे भारतीयों के बीच कबीरपंथ के प्रभाव और संत विवेकदास जी के योगदान को रेखांकित किया है !
लेखों के बाद पदों को व्याख्या सहित दिया गया है जिसमें -
मौंको कहाँ ढूंढें बंदे, मैं तो तेरे पास में !
साधो भाई , जीवत ही करो आसा !
अनगढ़िया देवा, कौन करै तेरी सेवा !
मन मस्त हुआ तब क्यों बोले !
सन्तों सहज समाधि भली !
मन न रंगाए, रंगाए जोगी कापड़ा !
ना जाने तेरा साहिब कैसा है !
पंडित बाद बदंते झूठा !
साधो देखो जग बौराना !
तेरा मेरा मनुवा कैसे एक होई रे !
साधो पांडे निपुण कसाई !
साधो ये मुर्दे का गाँव !
इस प्रकार हम देखते हैं कि पुस्तक में गागर में सागर भरने का प्रयास किया है ! कबीर के हजारो पद जो लोक में एवं साहित्य में बिखरे है उनका सार स्वरूप पद पुस्तक में सरल अर्थो के साथ संयोजित किये गए है।साथ ही पुस्तक के अंत में शब्दार्थ भी दिए गए हैं। पुस्तक में एक कमी रह गई है कि कोई भी लेख ऐसा नहीं है जिसमें कबीर के जन्म से लेकर मृत्यु पर्यन्त की घटनाओं का क्रमबद्ध अध्ययन हो सके ! जिसे अलगे संस्करण में सुधारा जाना चाहिए! फिर भी कबीर को समझने के लिए किताब बड़ी महत्वपूर्ण है आम आदमी के लिए भी और बुद्धिजीवियों के लिए भी कीमत भी 170 रुपये है जिसे आम पाठक आसानी से खरीद सकता है पुस्तक से होने वाली आय जनजागरूकता के कार्य में लगी संस्था कबीर जनविकास समूह इंदौर को समर्पित की गई है। जोकि बहुत प्रतिष्टित संस्था है। आवरण लोककला से सुसज्जित है। पुस्तक अमेज़ॉन पर उपलब्ध है।
सत्यानंद महाराज 'सत्य'
कबीर के जीवन दर्शन के प्रवक्ता
पीचडी, 09827821803
No comments:
Post a Comment